UP News: उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले में घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के चलते प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नर्सरी से 12वीं कक्षा तक के सभी विद्यालयों के समय में बदलाव किया गया है। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार अब जिले के सभी स्कूल सोमवार 19 जनवरी से अगले आदेश तक सुबह 10:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक संचालित होंगे।
सभी बोर्ड के स्कूलों पर लागू होगा आदेश
बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आदेश जिले के सभी प्रकार के विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा। इसमें
- परिषदीय
- राजकीय
- अशासकीय
- सीबीएसई
- आईसीएसई
- आईबी
- यूपी बोर्ड
और अन्य सभी मान्यता प्राप्त बोर्डों से जुड़े स्कूल शामिल हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह निर्णय बच्चों को ठंड, कोहरे और कम विजिबिलिटी से होने वाली परेशानियों से बचाने के लिए लिया गया है।
स्कूल प्रबंधन की लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी स्कूल प्रबंधन को आदेश का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी विद्यालय द्वारा आदेश की अनदेखी की गई तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का साफ कहना है कि बच्चों की सेहत और सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
यूपी में अचानक बदला मौसम का मिजाज
उत्तर प्रदेश पहले से ही कड़ाके की ठंड की चपेट में है, लेकिन अब मौसम ने अचानक करवट ले ली है। सोमवार सुबह लखनऊ, बाराबंकी समेत कई जिलों में बारिश देखने को मिली, जबकि अलीगढ़ में ओले पड़ने की खबर सामने आई है। मौसम विभाग के अनुसार, यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से हुआ है। राज्य के कई हिस्सों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से न्यूनतम तापमान में गिरावट थमी है और कुछ इलाकों में हल्की बढ़ोतरी भी दर्ज की गई है। हालांकि हरदोई, अमेठी, अयोध्या और बाराबंकी जैसे मध्य यूपी के जिलों में रात के समय अब भी शीतलहर की स्थिति बनी हुई है।
अगले दो दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ने की संभावना जताई गई है, जिससे ठंड से कुछ राहत मिल सकती है। साथ ही अनुमान है कि 20 जनवरी के बाद घना कोहरा धीरे-धीरे कम होगा और दृश्यता में सुधार आएगा।
PM Awas Yojana: अब पक्के घर का सपना होगा पूरा, जानें कैसे एक मोबाइल मैसेज बना खुशियों की वजह
अभिभावकों को राहत
स्कूलों के समय में बदलाव से अभिभावकों ने भी राहत की सांस ली है। सुबह के समय बच्चों को ठंड और कोहरे में स्कूल भेजने की मजबूरी अब नहीं रहेगी, जिससे बीमारियों का खतरा भी कम होगा।













