Republic Day 2026: भारत 26 जनवरी को अपना 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास और गौरव के साथ मनाने जा रहा है। इस अवसर पर राजधानी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर भव्य गणतंत्र दिवस परेड का आयोजन किया जाएगा, जिसमें करीब 10,000 विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे। हर साल की तरह इस बार भी भारत ने वैश्विक स्तर की प्रतिष्ठित हस्तियों को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है।
गणतंत्र दिवस 2026 के मुख्य अतिथि यूरोपीय संघ (EU) के दो शीर्ष नेता होंगे यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन और यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा। दोनों नेता 25 से 27 जनवरी तक भारत यात्रा पर हैं। इस दौरे को भारत-EU संबंधों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
भारत-EU व्यापार समझौते की उम्मीद
उर्सुला वॉन डेर लेयेन की भारत यात्रा के दौरान भारत और यूरोपीय संघ के बीच एक बड़े व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। खुद वॉन डेर लेयेन ने इस प्रस्तावित समझौते को “मदर ऑफ ऑल डील्स” करार दिया है। माना जा रहा है कि यह समझौता व्यापार, तकनीक, जलवायु और रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाई देगा।
कौन हैं उर्सुला वॉन डेर लेयेन?
उर्सुला वॉन डेर लेयेन का जन्म अक्टूबर 1958 में हुआ था। वे यूरोपीय आयोग की पहली महिला अध्यक्ष हैं। उनका बचपन ब्रुसेल्स में बीता, जहां उनके पिता यूरोपीय आयुक्त थे। उन्होंने जर्मनी और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (LSE) में पढ़ाई की और बाद में हनोवर से मेडिकल की डिग्री हासिल की।
सात बच्चों की मां वॉन डेर लेयेन ने 40 वर्ष की उम्र के बाद राजनीति में कदम रखा। वे जर्मनी की पूर्व चांसलर एंजेला मर्केल की सरकार में परिवार, श्रम और रक्षा मंत्री जैसे अहम पदों पर रहीं। 2019 में वे यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष बनीं और 2024 में दोबारा इस पद पर चुनी गईं। उनका कार्यकाल 2029 तक रहेगा।
Republic Day: गणतंत्र दिवस से पहले बड़ी साजिश नाकाम, जानें पुलिस नें कैसे किया मॉड्यूल का भंडाफोड़
एंटोनियो कोस्टा का भारत से खास नाता
एंटोनियो कोस्टा, जो दिसंबर 2024 में यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष बने, भारतीय मूल से जुड़े हैं। उनके दादा गोवा से थे। इससे भारत के साथ उनका भावनात्मक और सांस्कृतिक रिश्ता भी जुड़ा हुआ है। वे इससे पहले पुर्तगाल के प्रधानमंत्री रह चुके हैं और उन्होंने एशिया, अफ्रीका व दक्षिण अमेरिका के देशों के साथ मजबूत संबंध बनाए। कोस्टा का मानना है कि उनकी भारतीय विरासत यूरोपीय संघ को वैश्विक दक्षिण के देशों के साथ बेहतर रिश्ते बनाने में मदद कर सकती है।
Republic Day 2026: DMRC ने बदला मेट्रो समय, जानें पहली ट्रेन कब चलेगी और कौन पाएगा फ्री टिकट
क्या है यूरोपीय आयोग और यूरोपीय परिषद?
यूरोपीय आयोग EU का कार्यकारी निकाय है, जो नीतियां बनाता है, कानूनों को लागू कराता है और अंतरराष्ट्रीय समझौतों पर बातचीत करता है। वहीं यूरोपीय परिषद यूरोपीय संघ की सर्वोच्च राजनीतिक संस्था है, जो EU की रणनीतिक दिशा और प्राथमिकताएं तय करती है।








