Barabanki: यूपी सरकार अब बाराबंकी को एक बड़ा औद्योगिक केंद्र बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। रामसनेही घाट तहसील के कंदई गांव में 232 एकड़ भूमि पर नया इंडस्ट्रियल जोन विकसित किया जाएगा। इस जोन का नाम ‘लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल इंडस्ट्रियल एंड एम्प्लॉयमेंट जोन’ रखा गया है।
CM योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकी में आयोजित एक कार्यक्रम में 1734 करोड़ रुपये की 254 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए इस औद्योगिक जोन की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट जिले की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करेगा।
इन्हें मिलेगा बढ़ावा
CM योगी ने कहा कि जब किसान और उद्योगपति एक साथ आगे बढ़ते हैं, तो किसी भी क्षेत्र की समृद्धि तय होती है। उन्होंने कहा, “अगर अन्नदाता और उद्योगपति एक मंच पर आएंगे, तो यहां की आय बढ़ेगी और नौकरियों के नए रास्ते खुलेंगे।”
प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि हर जिले में कम से कम 100 एकड़ भूमि पर इंडस्ट्रियल एंड एम्प्लॉयमेंट जोन स्थापित किए जाएं, जिससे स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में काम के अवसर मिल सकें।
UPSIDA ने शुरू की तैयारी
UPSIDA (Uttar Pradesh State Industrial Development Authority) ने भूमि सीमांकन, आवंटन और लेआउट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब तक 20 से अधिक उद्योगपतियों ने निवेश की इच्छा जताई है। सरकार की योजना है कि यहां MSME सेक्टर (छोटे और मध्यम उद्योग) को प्राथमिकता दी जाए ताकि स्थानीय उद्यमी भी इस विकास का हिस्सा बन सकें।
यह जोन लखनऊ और अयोध्या हाईवे के बीच स्थित है, जो रणनीतिक दृष्टि से भी बेहद अहम है। इससे पूर्वांचल और अवध क्षेत्र की औद्योगिक क्षमता को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है।
इन उद्योग पर भी होगा फोकस
CM योगी ने कहा कि सरकार केवल उद्योग ही नहीं, बल्कि आस्था और विरासत के विकास पर भी उतनी ही गंभीर है। उन्होंने घोषणा की कि बाबा लोधेश्वर नाथ धाम को श्री काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर “महादेव कॉरिडोर” के रूप में विकसित किया जाएगा।
इसके साथ ही हॉकी के महान खिलाड़ी के.डी. सिंह ‘बाबू’ की हवेली को एक भव्य संग्रहालय (म्यूजियम) के रूप में तैयार किया जाएगा।
‘वंदे मातरम’ पर CM योगी का बयान
कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने कहा, “‘वंदे मातरम’ किसी जाति या धर्म का नहीं, बल्कि भारत माता की वंदना है। जो इसका विरोध करता है, वह राष्ट्र का विरोध करता है।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य के सभी स्कूलों और शिक्षण संस्थानों में ‘वंदे मातरम’ का गायन अनिवार्य किया जाएगा।















1 thought on “UP Development News: बाराबंकी में औद्योगिक क्रांति की शुरुआत, बनेगा सरदार पटेल इंडस्ट्रियल जोन”