Pune: महाराष्ट्र के पुणे में गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। नवले पुल (Navale Bridge) के पास मुंबई-बेंगलुरु हाईवे पर दो कंटेनर ट्रक आपस में टकरा गए, जिससे एक ट्रक में भीषण आग लग गई। हादसे में बीच में फंसी एक कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। आग इतनी तेज थी कि कार में सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका भी नहीं मिला। अग्निशमन विभाग के मुताबिक अब तक 8 शव निकाले जा चुके हैं, जबकि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है क्योंकि कुछ लोग अब भी जलते वाहनों में फंसे हो सकते हैं।
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा शाम करीब साढ़े छह बजे हुआ जब हाईवे पर तेज रफ्तार में आ रहे दो कंटेनर ट्रक अचानक आपस में भिड़ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनके बीच चल रही एक कार बुरी तरह दब गई और कुछ ही पलों में आग की लपटों में घिर गई। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस और दमकल विभाग की कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड ने पानी के टैंकरों की मदद से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार और ट्रक पूरी तरह जल चुके थे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
Delhi Blast: लाल किले के पास धमाके से दहली दिल्ली, जानिए इससे पहले कब-कब हुए ऐसे ब्लास्ट
ट्रैफिक जाम और जांच शुरू
इस भीषण टक्कर और आगजनी के कारण मुंबई-बेंगलुरु हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। मौके पर मौजूद पुलिस ने वाहनों को डायवर्ट कर दिया है। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि हादसे की वजह ओवरस्पीडिंग थी या किसी ट्रक की ब्रेक फेल होने से यह टक्कर हुई।
अधिकारियों का बयान
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “हमारी प्राथमिकता घायलों को जल्द से जल्द इलाज दिलाना है। हादसे के असली कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक और ट्रैफिक टीम जांच में जुटी हैं।” उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान करने की प्रक्रिया भी जारी है।














