WhatsApp अपने iPhone यूजर्स के लिए प्रोफाइल को और ज्यादा पर्सनल और स्टाइलिश बनाने की तैयारी में है। मैसेजिंग ऐप एक नए फीचर पर काम कर रहा है, जिसे Profile Cover Photo नाम दिया गया है। इस फीचर की मदद से यूजर्स अब अपने WhatsApp प्रोफाइल को Facebook और LinkedIn की तरह कस्टमाइज कर सकेंगे। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह फीचर WhatsApp के iOS बीटा वर्जन में देखा गया है, जो फिलहाल Apple के TestFlight प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। इससे पहले इसके संकेत Android बीटा में भी मिल चुके हैं, जिससे साफ है कि कंपनी इसे सभी प्लेटफॉर्म्स पर रोलआउट करने की योजना बना रही है।
कैसे काम करेगा Profile Cover Photo फीचर
नए फीचर के तहत WhatsApp प्रोफाइल में आपकी मौजूदा प्रोफाइल फोटो के ऊपर एक अलग सेक्शन दिया जाएगा, जहां आप अपनी पसंद की कवर फोटो सेट कर सकेंगे। यूजर अपनी फोन गैलरी से कोई तस्वीर चुन सकता है या फिर उसी वक्त नई फोटो क्लिक करके उसे कवर फोटो के रूप में लगा सकता है। यह कवर इमेज कभी भी बदली जा सकेगी। एक बार सेट होने के बाद, जब कोई दूसरा यूजर आपका प्रोफाइल खोलेगा तो उसे आपकी प्रोफाइल फोटो के साथ कवर फोटो भी दिखाई देगी। यानी अब प्रोफाइल सिर्फ एक फोटो तक सीमित नहीं रहेगी।
WhatsApp Business से लिया गया कॉन्सेप्ट
यह फीचर पूरी तरह नया नहीं है। WhatsApp Business यूजर्स के लिए कवर फोटो की सुविधा पहले से मौजूद है, जहां बिजनेस अकाउंट्स इसका इस्तेमाल अपनी ब्रांड पहचान दिखाने के लिए करते हैं। अब WhatsApp आम यूजर्स को भी वही कस्टमाइजेशन फ्रीडम देने जा रहा है। इससे यूजर्स अपनी पर्सनैलिटी, मूड या खास पलों को प्रोफाइल के जरिए बेहतर तरीके से दिखा सकेंगे।
लॉन्च कब होगा यह फीचर
फिलहाल Profile Cover Photo फीचर बीटा स्टेज में है, इसलिए इसकी आधिकारिक लॉन्च डेट सामने नहीं आई है। WhatsApp आमतौर पर नए फीचर्स को चरणबद्ध तरीके से रोलआउट करता है। ऐसे में पहले यह सीमित यूजर्स तक पहुंचेगा और बाद में सभी के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। माना जा रहा है कि आने वाले हफ्तों या महीनों में यह फीचर स्टेबल वर्जन का हिस्सा बन सकता है।
WhatsApp के दूसरे नए अपडेट्स
Profile Cover Photo के अलावा WhatsApp कई और नए फीचर्स पर भी काम कर रहा है। हाल ही में ऐप में ग्रुप मेंबर टैगिंग, टेक्स्ट को स्टिकर में बदलने का ऑप्शन और कस्टम इवेंट रिमाइंडर जैसे अपडेट्स जोड़े गए हैं। कंपनी का फोकस चैटिंग एक्सपीरियंस को ज्यादा पर्सनल, इंटरएक्टिव और यूजर फ्रेंडली बनाने पर है। कुल मिलाकर, Profile Cover Photo फीचर WhatsApp को सिर्फ एक मैसेजिंग ऐप नहीं, बल्कि एक ज्यादा सोशल और पर्सनल प्लेटफॉर्म बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।













