Hong Kong: हॉन्ग कॉन्ग के ताई पो जिले में बुधवार (26 नवंबर 2025) की दोपहर लगी भीषण आग ने शहर को दहला दिया। कई बहुमंजिला इमारतों में तेज लपटें उठीं और कुछ ही मिनटों में आग ने बड़ा रूप ले लिया। स्थानीय मीडिया और फायर सर्विसेज डिपार्टमेंट (FSD) के अनुसार, आग इतनी भयावह थी कि धुएं का काला गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था।
FSD ने बताया कि हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है, जबकि 28 लोग घायल हैं। मरने वालों में एक बहादुर फायरफाइटर भी शामिल है, जिसकी तलाश घंटों तक जारी रही थी। विभाग ने बताया कि उस फायरफाइटर से संपर्क स्थानीय समयानुसार करीब साढ़े तीन बजे टूट गया था। जब उसे चार बजे के आसपास खोजा गया, तो उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आग पर काबू पाने की जद्दोजहद जारी
एफएसडी को बुधवार दोपहर 2:51 बजे आग की पहली सूचना मिली। इसके बाद एक घंटे के अंदर अलार्म स्तर को बढ़ाकर “नंबर-4 अलार्म फायर” कर दिया गया, जो हॉन्ग कॉन्ग में दूसरी सबसे गंभीर श्रेणी है। फायरफाइटर्स की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और लगातार आग बुझाने का अभियान चलाया।
घटनास्थल से सामने आए वीडियो और तस्वीरों में तीन इमारतों से धुआं निकलता दिखा, जबकि लोग अफरा-तफरी में बाहर भागते नजर आए।
हाउसिंग कॉम्प्लेक्स वांग फुक कोर्ट में स्थित आठ ब्लॉकों में से तीन ब्लॉकों को आग ने अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने बताया कि कई लोग इमारतों में फंसे हुए थे, जिन्हें निकालने का काम जारी है।
Smriti Mandhana: स्मृति-पलाश का शादी में नया मोड़, वायरल चैट्स ने बढ़ाई हलचल
कैसे लगी आग?
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, आग शुरुआती तौर पर हाउसिंग कॉम्प्लेक्स के बाहर लगी बांस की मचान (bamboo scaffolding) पर फैली। वहां से यह आग तेजी से ऊपर की मंजिलों तक पहुंच गई और तीन अलग-अलग इमारतों में फैल गई।
ताई पो हॉन्ग कॉन्ग के उत्तरी हिस्से में स्थित है और चीन के शेनझेन बॉर्डर के पास आता है। आग की गंभीरता को देखते हुए यातायात विभाग ने ताई पो हाईवे का एक बड़ा हिस्सा बंद कर दिया। कई बसों के मार्ग भी बदल दिए गए हैं।
Imran Khan News: न बहनों से मुलाकात, न कोई खबर; आखिर कहां हैं इमरान खान?
घायलों का इलाज जारी
पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने पुष्टि की कि कई लोग बुरी तरह से जल गए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। हॉन्ग कॉन्ग प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।















2 thoughts on “Hong Kong के ताई पो में भीषण आग: 13 की मौत, 28 घायल; तीन इमारतें धू-धू कर जलीं”