Washington: अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन DC में सुरक्षा एजेंसियों को झकझोर देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। बुधवार, 26 नवंबर 2025 को व्हाइट हाउस से कुछ ही दूरी पर वेस्ट वर्जीनिया नेशनल गार्ड के दो सैनिकों पर अचानक गोलीबारी की गई। दोनों जवान गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद व्हाइट हाउस परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
FBI निदेशक काश पटेल और वाशिंगटन DC की मेयर म्यूरियल बोसर ने बताया कि यह हमला “टारगेटेड अटैक” प्रतीत होता है। दोनों ने कहा कि घायल सैनिकों को समय पर मेडिकल सहायता मिलने से उनकी जान बचाने की पूरी कोशिश की जा रही है।
DC में नेशनल गार्ड की तैनाती पहले से विवादों में
वॉशिंगटन DC में नेशनल गार्ड की तैनाती पिछले महीनों से राजनीतिक बहस का विषय बनी हुई है। अगस्त 2025 में 300 से अधिक सैनिकों को तैनात किया गया था, जिनमें से कई की वापसी हो चुकी है। हाल ही में 160 सैनिकों की अतिरिक्त तैनाती को मंजूरी दी गई थी।
इसके साथ ही ट्रंप प्रशासन द्वारा DC पुलिस को संघीय नियंत्रण में लेने की कोशिश को लेकर भी राजनीतिक विवाद जारी है। इस कदम को अदालत में चुनौती दी गई है।
ट्रंप और ओबामा दोनों की प्रतिक्रिया
हमले पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि “जो कोई भी अमेरिकी सैनिकों पर हमला करेगा, उसे इसकी भारी कीमत चुकानी होगी।” वहीं उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने इसे “गंभीर चेतावनी” बताते हुए देशवासियों से घायल सैनिकों के लिए प्रार्थना करने की अपील की।
— Donald J. Trump (@realDonaldTrump) November 26, 2025
पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने X पर दुख व्यक्त किया और कहा, “अमेरिका में हिंसा की कोई जगह नहीं है। मिशेल और मैं घायल सैनिकों और उनके परिवारों के साथ हैं।”
Violence has no place in America. Michelle and I are praying for the servicemembers shot in Washington, DC today, and send our love to their families as they enter this holiday season under the most tragic of circumstances.
— Barack Obama (@BarackObama) November 27, 2025
FBI और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
गोलीबारी के तुरंत बाद FBI और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने पुष्टि की कि एक संदिग्ध को भी गोली लगी है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी हालत स्थिर है और उससे पूछताछ जारी है।
अब किस देश में हुआ तख्तापलट! सेना ने संभाली सत्ता, राष्ट्रपति लापता; मचा राजनीतिक भूचाल
NBC की रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी की पहचान 29 वर्षीय अफगान नागरिक रहमानुल्लाह के रूप में हुई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या उसने सैनिकों को निशाना बनाकर हमला किया या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है। मामले में आतंकवादी हमले के एंगल से भी गहन जांच हो रही है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
हमले के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में EMT टीमें घायल सैनिकों को CPR देती नजर आईं। फुटपाथ पर खून के धब्बे और टूटा हुआ कांच दिख रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोलीबारी की आवाज सुनते ही आसपास के क्षेत्र में अफरातफरी मच गई और कुछ ही मिनटों में पुलिस, फायर डिपार्टमेंट और हेलिकॉप्टर घटनास्थल पर पहुंच गए।
जांच जारी, सुरक्षा बढ़ाई गई
FBI और स्थानीय पुलिस घटना की हर दिशा से जांच कर रही हैं। व्हाइट हाउस और आसपास की सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है और संदिग्ध के संपर्कों तथा संभावित नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल यह हमला अमेरिका में सुरक्षा को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।














