New Delhi: दिल्ली-NCR में सर्दी धीरे-धीरे जोर पकड़ रही है। बुधवार को सीजन की सबसे ठंडी सुबह दर्ज होने के बाद गुरुवार, 27 नवंबर को भी लोगों को ठिठुरन महसूस होगी। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार राजधानी में आज सुबह का न्यूनतम तापमान 8–10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 23–25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। तापमान में बहुत बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन सुबह की ठंड पहले से अधिक तीखी महसूस होगी।
IMD ने सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे की चेतावनी जारी की है, जिससे विजिबिलिटी प्रभावित हो सकती है। बुधवार को जहां आसमान बिल्कुल साफ था, वहीं आज वातावरण में हल्की धुंध बनी रहने की संभावना है।
सीजन की सबसे ठंडी सुबह
बुधवार, 26 नवंबर को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले तीन वर्षों में नवंबर का सबसे कम तापमान है। यह सामान्य तापमान से लगभग 3.3 डिग्री सेल्सियस कम है। इससे पहले वर्ष 2022 में नवंबर का न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के हटने और आसमान साफ रहने के कारण रात में तेजी से तापमान गिर रहा है। आने वाले दिनों में सुबह की ठंड और घनी धुंध बढ़ने की संभावना है, जो अगले हफ्ते से और स्पष्ट रूप से महसूस हो सकती है।
Weather Update: उत्तर भारत में बढ़ी ठंड और कोहरा, दक्षिण में भारी बारिश का अलर्ट; IMD का बड़ा अपडेट
आज का मौसम
आज सुबह कोहरा विजिबिलिटी को प्रभावित कर सकता है। हवा की रफ्तार बेहद धीमी रहेगी उत्तर दिशा से करीब 0 से 10 किमी प्रति घंटे की गति से हवा चलेगी। धीमी हवा के कारण प्रदूषक कण नीचे ही जमा रहते हैं, जिसकी वजह से एयर क्वालिटी में सुधार की उम्मीद कम है।
दिल्ली में आज भी AQI ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहने की आशंका है। मौसम में नमी और धीमी हवाएं प्रदूषण के स्तर को और बढ़ा सकती हैं।
weather Update: दिल्ली-NCR में आज हवा Hazardous श्रेणी में, जानें कब मिलेगी राहत
दिल्ली की हवा फिर जहरीली
सर्दी बढ़ने के साथ राजधानी की हवा लगातार और खराब हो रही है। नवंबर महीने में अब तक 20 दिनों तक वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ (Very Poor) श्रेणी में दर्ज की गई है। बुधवार को दिल्ली के बवाना इलाके में AQI 382 दर्ज हुआ, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि स्थितियां सप्ताहांत तक इसी तरह बनी रहीं, तो यह लगातार प्रदूषण की दूसरी सबसे लंबी अवधि बन सकती है।
6 नवंबर से दिल्ली का AQI लगातार 300 से ऊपर बना हुआ है यह अप्रैल 2019 के बाद सबसे लंबे ‘बहुत खराब’ वायु प्रदूषण चरणों में से एक है।








