UP Weather Update Lucknow, दिसंबर की सुबहें उत्तर प्रदेश में एक बार फिर बदलने वाली हैं। हवा में ठंड महसूस तो पहले ही हो रही थी, लेकिन अब भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने जो ताज़ा पूर्वानुमान जारी किया है, उसने साफ कर दिया है कि आने वाले दिनों में भोर का नज़ारा बदलेगा और थोड़ा संभलकर निकलने की ज़रूरत पड़ेगी।
सुबह बदलने वाली है, लेकिन आसमान बिल्कुल साफ रहेगा
IMD लखनऊ केंद्र के अनुसार, 3 दिसंबर से 8 दिसंबर 2025 तक पूरे यूपी में बारिश की कोई संभावना नहीं है। किसी भी जिले में कोई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं है, न कोई नमी का सिस्टम बन रहा है। इसका मतलब यह कि आसमान आम तौर पर साफ रहेगा और किसानों को मौसम से कोई रुकावट नहीं मिलेगी।
कोहरा लौटेगा, लेकिन इस बार धीमी चाल में
अब बात उस बदलाव की मौसम विभाग ने कहा है कि 8 दिसंबर तक भोर के समय उत्तर प्रदेश के कई जिलों में “हल्का से मध्यम कोहरा” लौट सकता है। ये वही कोहरा है जो साफ रात और गिरते तापमान के बाद बनता है। इसे “शैलो फॉग” कहा जाता है, जिसमें दृश्यता 500 मीटर से 1000 मीटर के बीच रहती है। यानी ड्राइविंग मुश्किल नहीं होगी, पर लापरवाही चल नहीं पाएगी।
लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, गोरखपुर और मेरठ में पिछले दो दिनों से इस कोहरे की पतली परत दिख भी रही है IMD ने इसी ट्रेंड को अगले पाँच दिनों तक जारी माना है।
दिन में धूप रहेगी मेहरबान, ठंड अभी पीक पर नहीं
दिन के समय तापमान सामान्य रहेगा। धूप निकलेगी और दोपहर में हल्की गर्मी का एहसास भी हो सकता है। हवा उत्तर-पश्चिम दिशा से बह रही है और धीरे-धीरे ठंड को बढ़ाएगी, लेकिन अभी “कड़कड़ाती ठंड” का दौर नहीं आया है। IMD की भाषा में कहें तो
“Cold wave conditions are unlikely for the next few days in Uttar Pradesh.”
इस बयान के बाद साफ है कि फिलहाल ठंड का असली पीक आगे है।
किसानों के लिए अच्छा हफ्ता, सफर करने वालों के लिए सावधानी
शुष्क मौसम के कारण गेहूं और सरसों की बुवाई पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
लेकिन सुबह 5 से 9 बजे के बीच दृश्यता थोड़ी कम हो सकती है, इसलिए रोडवेज बसें, ट्रक ड्राइवर और ऑफिस जाने वाले लोग सतर्क रहें।
IMD ने सलाह दी है कि कम रोशनी वाली सड़कों पर अचानक मोड़ लेते समय स्पीड जरूर कंट्रोल करें।
दिसंबर की शुरुआत हल्की और संभली हुई
मौसम का मूड इस हफ्ते शांत रहेगा। कोई बारिश नहीं, कोई बड़ी ठंड नहीं। लेकिन भोर की वह हल्की धुंध जो दिसंबर को दिसंबर बनाती है अब वापस आने लगी है।
यूपी की सुबहें अगले पाँच दिनों तक धुंध से भरी और दिन धूप से हल्के गरम रहेंगे।
बाकी दिसंबर का असली रंग तो 10 के बाद ही दिखेगा।













