North Goa से शनिवार देर रात जो खबर आई, उसने देशभर को हिला दिया। अरपोरा के मशहूर नाइट क्लब Birch by Romeo Lane में अचानक आग लग गई और उसी आग में 25 लोगों की जान चली गई। हादसा इतना तेज और अचानक हुआ कि अंदर मौजूद लोग समझ ही नहीं पाए कि हुआ क्या। चीख-पुकार, धुआं और अफरा-तफरी के बीच ज़िंदगी और मौत की लड़ाई कुछ ही मिनटों में खत्म हो गई।
हादसा कैसे शुरू हुआ? सुरक्षाकर्मी ने बताया अंदर जाने नहीं दिया गया
क्लब के बाहर तैनात सुरक्षा गार्ड संजय कुमार गुप्ता का बयान इस पूरी घटना में सबसे अहम माना जा रहा है। संजय ने बताया कि रात करीब 11 बजे के बाद क्लब में भीड़ बढ़ने वाली थी। डीजे और परफॉर्मर्स आ चुके थे और लोग पहले से लाइन में थे। तभी अचानक अंदर से तेज धुआं उठने लगा। संजय का कहना है कि उन्हें अंदर जाने से मना कर दिया गया। कुछ ही सेकंड में आग बढ़ी और प्रवेश द्वार धुएं से भर गया।
सिलेंडर ब्लास्ट या लापरवाही? DGP ने शुरुआती कारण बताया
गोवा के डीजीपी आलोक कुमार के मुताबिक शुरुआती जांच में पता चला है कि आग क्लब के किचन में रखे गैस सिलेंडर के फटने से लगी। हालांकि जांच अब इस दिशा में भी होगी कि क्या सिलेंडर पुराना था या सुरक्षा मापदंडों का पालन नहीं किया गया।
ज़्यादातर मौतें दम घुटने से हुई
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने घटना स्थल का दौरा किया और बताया कि मौतों में सबसे बड़ा कारण धुएं का दमघोंटू फैलाव था। सिर्फ तीन लोग सीधे आग में जलकर मारे गए, बाकी लोग धुएं में फंसकर बेहोश हुए और फिर उनका दम टूट गया।
क्लब के अंदर फायर एग्जिट था या नहीं? सवाल बड़ा है
स्थानीय MLA माइकल लोबो ने बड़ा सवाल उठाया क्या क्लब में फायर एग्जिट था? और अगर था, तो लोग बाहर क्यों नहीं निकल सके? क्योंकि कई चश्मदीदों का दावा है कि एक ही प्रवेश-निकलने का रास्ता था, जिससे भगदड़ मच गई।
अब क्या होगा? पूरे गोवा के क्लबों की फायर जांच शुरू हादसे के तुरंत बाद राज्य सरकार ने सभी बार, रेस्टोरेंट और नाइट क्लबों की फायर सेफ्टी जांच का आदेश दिया है। जिनके पास वैध NOC नहीं होगा, उनका लाइसेंस रद्द किया जाएगा।








