New Delhi: इंडिगो एयरलाइंस पिछले कुछ दिनों से कड़े ऑपरेशनल संकट से गुजर रही है और इसी बीच यात्रियों के बढ़ते गुस्से, एयरपोर्ट्स पर लंबी कतारों और कैंसिल होती उड़ानों के बीच एयरलाइन ने अब बड़ा ऐलान किया है। कंपनी ने साफ किया है कि जो उड़ानें रद्द हुई हैं उनका पैसा बिना किसी आवेदन के ऑटोमैटिक रिफंड के रूप में वापस किया जाएगा और साथ ही यात्रियों को 15 दिसंबर तक बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के टिकट रीशेड्यूल करने की सुविधा मिलेगी।
इंडिगो की उड़ानें क्यों हो रही थीं कैंसिल?
पिछले कुछ दिनों में दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, बैंगलुरु और गोवा जैसे बड़े एयरपोर्ट्स पर इंडिगो की उड़ानों में देरी और कैंसिलेशन का सिलसिला लगातार बढ़ा। इसके चलते हजारों यात्री घंटों एयरपोर्ट पर फंसे रहे और कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर शिकायतें दर्ज कीं। यात्रियों का आरोप था कि उन्हें न पानी दिया जा रहा था, न भोजन और न ही सही जानकारी दी जा रही थी।
एयरलाइन ने अब स्वीकार किया है कि यह स्थिति अचानक आई क्रू की कमी, फ्लाइट ड्यूटी टाइमिंग के नए नियम और शेड्यूलिंग सिस्टम में रीबैलेंसिंग के कारण उत्पन्न हुई। कंपनी के मुताबिक 5 दिसंबर 2025 वह दिन था जब सबसे अधिक उड़ानें रद्द हुईं क्योंकि उसी दिन एयरलाइन ने पूरे शेड्यूल को रीसेट करना शुरू किया।
रिफंड और रीशेड्यूलिंग पर बड़ी राहत
इंडिगो द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार एयरलाइन ने यात्रियों के लिए कुछ त्वरित फैसले किए हैं।
जो टिकट रद्द हुई हैं उनका पैसा उसी पेमेंट मोड में सीधे वापस जाएगा जिससे टिकट खरीदा गया था यात्रियों को इसके लिए किसी अतिरिक्त प्रक्रिया या फॉर्म की जरूरत नहीं होगी यात्रियों को 5 दिसंबर 2025 से 15 दिसंबर 2025 तक बिना शुल्क टिकट कैंसिल करने या नई तारीख के लिए बदलने की सुविधा मिलेगी कई बड़े शहरों में एयरलाइन ने यात्रियों के लिए होटल, ग्राउंड ट्रांसपोर्ट और भोजन की व्यवस्था की है
एयरपोर्ट्स पर स्थिति संभालने की कोशिश
जहां हालात बिगड़े वहां पुलिस को तैनात करना पड़ा, खासकर दिल्ली और हैदराबाद में यात्रियों ने स्टाफ के खिलाफ नारेबाजी भी की। इंडिगो ने कहा है कि उनके कॉल सेंटर में कॉल की संख्या अचानक कई गुना बढ़ी है इसलिए सभी सिस्टम को तेजी से अपग्रेड किया जा रहा है।
इसके साथ ही यात्री इंडिगो के AI असिस्टेंट “6Eskai” की मदद से स्टेटस, रिफंड और रीबुकिंग की जानकारी ले सकते हैं ताकि कस्टमर केयर पर दबाव कम किया जा सके।
इसी बीच इंडिगो ने X (पहले ट्विटर) पर आधिकारिक बयान जारी किया और यात्रियों से माफी मांगी। नीचे आधिकारिक ट्वीट देखिए “इस ट्वीट में इंडिगो ने कहा कि अगले कुछ दिनों में उड़ानों का सिस्टम सामान्य करने की कोशिश जारी है।”
We are sorry 🙏 pic.twitter.com/8DmY2rJrjR
— IndiGo (@IndiGo6E) December 5, 2025
अभी कितने दिन और परेशानियां रहेंगी?
इंडिगो एयरलाइंस ने साफ कहा है कि स्थिति तुरंत सामान्य नहीं होगी और उड़ानों का शेड्यूल सुचारू होने में कम से कम दो से तीन दिन और लगेंगे। कंपनी ने यह भी कहा है कि गुरुवार को लिया गया हार्ड रीसेट आने वाले हफ्तों के लिए जरूरी था ताकि आगे उड़ानें समय पर संचालित की जा सकें।
यात्रियों को क्या करना चाहिए?
इंडिगो की अपील है कि यदि किसी यात्री की उड़ान रद्द दिखाई दे रही है तो वह एयरपोर्ट ना आए। यात्रा से पहले वेबसाइट या ऐप पर फ्लाइट स्टेटस जरूर चेक करें और संभव हो तो यात्रा तिथि बदलने का विकल्प अपनाएं।








