Goa: उत्तरी गोवा के अरपोरा गांव में शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात (6–7 दिसंबर 2025) हुए दर्दनाक नाइटक्लब हादसे का एक बेहद भयावह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे कुछ ही मिनटों में आग पूरे क्लब में फैल जाती है और चारों तरफ काले धुएं और तेज लपटों का सैलाब उमड़ पड़ता है। इस दर्दनाक हादसे में अब तक कम से कम 25 कर्मचारियों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
वायरल वीडियो में आग की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि क्लब पूरी तरह धुएं से भर चुका है और अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का बहुत कम समय मिला। दूर से एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड के सायरन की आवाजें भी वीडियो में सुनाई दे रही हैं, जिससे हालात की भयावहता और साफ हो जाती है।
गैस सिलेंडर धमाके से लगी आग, 23 शव बरामद
इस मामले में गोवा के पुलिस महानिदेशक (DGP) आलोक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह गैस सिलेंडर का फटना सामने आई है। यह हादसा रात करीब 12:04 बजे हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गई थीं।
डीजीपी के मुताबिक, आग पर कुछ ही देर में काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक भारी जानमाल का नुकसान हो चुका था। अब तक 23 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि बाकी मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि सिलेंडर फटा कैसे और क्या सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
🔴 BREAKING | Goa Nightclub Tragedy – 23 Dead
A massive fire broke out at Birch by Romeo Lane in North Goa’s Arpora late Saturday night, killing 23 staff members trapped inside.
The blaze is suspected to have started in the kitchen, possibly triggered by a cylinder blast,… pic.twitter.com/cZvgsY0wVW— Bharathirajan (@bharathircc) December 6, 2025
आग के बाद का मंजर भी सामने आया
नाइटक्लब की पूरी इमारत जली हुई हालत में नजर आ रही है। क्लब की खिड़कियां, दरवाजे और अंदरूनी संरचना पूरी तरह जलकर काली राख में तब्दील हो गई है। जिस क्लब में कुछ घंटे पहले तक म्यूजिक और रोशनी का माहौल था, वहीं अब सिर्फ मलबा, राख और जली हुई दीवारें बची हैं।
इस नाइटक्लब का नाम Birch by Romeo Lane बताया जा रहा है, जो अरपोरा इलाके का एक बेहद लोकप्रिय पार्टी स्पॉट माना जाता था। पर्यटन सीजन के दौरान यहां रोज बड़ी संख्या में लोग पहुंचते थे।
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने संभाली कमान
घटना की जानकारी मिलते ही गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत देर रात खुद घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा,
“यह गोवा जैसे पर्यटन राज्य के लिए बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि क्लब में सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन नहीं किया गया था। इस तरह की लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मामले की विस्तृत जांच की जाए और दोषी पाए जाने वाले लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
पर्यटकों के सुरक्षित होने की पुष्टि
स्थानीय प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस हादसे में किसी पर्यटक की मौत नहीं हुई है। अधिकांश मृतक क्लब के कर्मचारी थे, जो उस समय किचन और अंदरूनी हिस्सों में काम कर रहे थे। घायलों का इलाज विभिन्न सरकारी और निजी अस्पतालों में जारी है।








