New Delhi: दिल्ली में सोमवार शाम लाल किले के पास एक कार में हुए जोरदार धमाके से पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। यह धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास हुआ। चश्मदीदों के अनुसार, अचानक तेज धमाके की आवाज आई और कुछ ही सेकंड में कार में आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि उसकी लपटों ने पास खड़ी तीन अन्य गाड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 लोग घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल नजदीकी LNJP अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
दिल्ली में लाल किले के पास कार में जोरदार धमाका#delhiblast #redfort #carblast #DelhiNews pic.twitter.com/vnzGmB7aTq
— Sapna Srivastava (@SapnaSriva51020) November 10, 2025
दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
दिल्ली फायर डिपार्टमेंट ने बताया कि शाम करीब 6:30 बजे उन्हें धमाके की सूचना मिली। तुरंत दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं। आग पर काबू पाने में करीब एक घंटे का समय लगा। विभाग के अनुसार, धमाका इतना जोरदार था कि आसपास की इमारतों की खिड़कियों के शीशे भी टूट गए। फिलहाल आग पूरी तरह से बुझा दी गई है, लेकिन धुएं की वजह से इलाके में लोगों की आवाजाही रोक दी गई है।
पुलिस और जांच एजेंसियां सक्रिय
दिल्ली पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। स्पेशल सेल, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीमें मौके पर जांच कर रही हैं। प्राथमिक जांच में यह साफ नहीं हो सका है कि धमाका कार के अंदर रखे विस्फोटक से हुआ या किसी अन्य कारण से। पुलिस ने कहा है कि हर एंगल से जांच की जा रही है। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और डीसीपी मौके पर पहुंच चुके हैं। धमाके वाली जगह को पूरी तरह सील कर दिया गया है और ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है।
दिल्ली और मुंबई में हाई अलर्ट
इस धमाके के बाद न सिर्फ दिल्ली, बल्कि मुंबई में भी हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। लाल किला और उसके आसपास की सभी सड़कें बंद कर दी गई हैं। लाल किला मेट्रो स्टेशन को भी अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने सभी ऐतिहासिक और संवेदनशील स्थलों की निगरानी बढ़ा दी है। गृह मंत्रालय ने एनआईए (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) और एनएसजी (नेशनल सिक्योरिटी गार्ड) की टीमों को जांच के लिए भेजा है।
भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में हुआ धमाका
लाल किला क्षेत्र दिल्ली के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक है, जहां रोजाना हजारों पर्यटक और स्थानीय लोग आते हैं। शाम के समय इस इलाके में ट्रैफिक और भीड़ दोनों ही अधिक होती है। ऐसे में यह धमाका सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि धमाका इतनी तेजी से हुआ कि किसी को समझने का मौका ही नहीं मिला।
जांच जारी, सरकार ने मांगी रिपोर्ट
गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस और जांच एजेंसियों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि धमाके के पीछे आतंकी साजिश है या कोई तकनीकी वजह। शुरुआती जांच के बाद पुलिस का कहना है कि विस्फोट का केंद्र कार ही थी। फॉरेंसिक टीम कार के मलबे की जांच कर रही है। अगले 24 घंटे में घटना के पीछे की असली वजह सामने आने की संभावना है।








