New Delhi: देश के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGIA) पर शुक्रवार (7 नवंबर) को सुबह अचानक एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) सिस्टम में तकनीकी खराबी देखी गई। इस खराबी के चलते सुबह के समय उड़ान संचालन बाधित हुआ और सैकड़ों यात्री हवाई अड्डे पर फंसे रहे।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, ATC के ऑटोमैटिक मैसेज स्विचिंग सिस्टम (AMSS) में तकनीकी दिक्कत आई थी, जिसके कारण फ्लाइट डेटा ट्रांसमिशन बाधित हो गया। नियंत्रकों को फ्लाइट प्लान मैनुअल रूप से प्रोसेस करने पड़े, जिससे उड़ान संचालन की गति काफी धीमी हो गई।
यात्रियों को करना पड़ा लंबा इंतजार
सुबह 6 से 9 बजे के बीच दिल्ली एयरपोर्ट पर अफरातफरी का माहौल रहा। करीब 200 से अधिक उड़ानों पर इसका असर पड़ा, जिनमें से कई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों थीं। कुछ उड़ानें 30 से 60 मिनट तक देरी से रवाना हुईं, जबकि कुछ को अस्थायी रूप से रनवे पर रोकना पड़ा।
टर्मिनल के अंदर यात्रियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर देरी को लेकर अपनी नाराजगी जताई। एयरलाइंस ने भी यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे एयरलाइन वेबसाइट या ऐप्स पर फ्लाइट स्टेटस की जांच करते रहें।
एयरलाइंस और एयरपोर्ट प्रबंधन की क्या रही प्रतिक्रिया?
स्पाइसजेट (SpiceJet) ने एक्स (Twitter) पर एक पोस्ट जारी कर बताया कि दिल्ली में ATC तकनीकी खराबी के कारण सभी प्रस्थान और आगमन उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। यात्रियों को वेबसाइट spicejet.com/#status
पर अपनी उड़ान की स्थिति देखने की सलाह दी गई है।
वहीं Air India और Indigo ने भी यात्रियों से अनुरोध किया कि वे एयरपोर्ट आने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की पुष्टि कर लें।
एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि “हमारी तकनीकी टीम समस्या को दूर करने में जुटी है। सभी एजेंसियां मिलकर स्थिति को सामान्य करने का प्रयास कर रही हैं।”
एक हफ्ते इतनी बार सामने आई गड़बड़ी
गौरतलब है कि यह एक सप्ताह के भीतर तीसरी बार है जब दिल्ली एयरपोर्ट को किसी तकनीकी गड़बड़ी का सामना करना पड़ा है। इससे पहले सोमवार को चेक-इन सिस्टम ठप हो गया था, जिसके कारण कई उड़ानें देर से रवाना हुईं।
लगातार तकनीकी खराबियों ने यात्रियों और एयरलाइंस दोनों की चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि देश के सबसे बड़े एयर ट्रैफिक हब के रूप में दिल्ली एयरपोर्ट को अपनी तकनीकी अवसंरचना (Infrastructure) को और मजबूत करने की जरूरत है।
इससे पहले कब-कब ठप हुई सेवा?
1. मार्च 2013 — चेक-इन एवं बैगेज हैंडलिंग सिस्टम में खराबी
- 8 मार्च 2013 को IGIA के टर्मिनल-3 में कंप्यूटराइज्ड चेक-इन, बैगेज हैंडलिंग और विमान डॉकिंग सिस्टम में गड़बड़ी आई थी।
- यह समस्या सुबह करीब 8:20 पर शुरुआत हुई और लगभग 9:40 पर पूरी तरह ठीक हुई थी।
- इस वजह से करीब 21 उड़ानों (20 घरेलू + 1 अंतरराष्ट्रीय) में देरी हुई थी, कुछ में लगभग डेढ़ घंटे तक का इंतजार हुआ।
- गड़बड़ी में “CUTE” (Common User Terminal Equipment) सिस्टम फेल हुआ था, जिससे एयरलाइंस को मैन्युअल चेक-इन करना पड़ा था।
2. अप्रैल 2019 — इमिग्रेशन सर्वर में गड़बड़ी
- 29 अप्रैल 2019 को IGIA में इमिग्रेशन सर्वर डाउन हुआ था, जिससे कुछ उड़ानों में देरी हुई थी।
- इस गड़बड़ी के कारण कुछ यात्रियों को 12:10am से करीब 1:45am तक लम्बी कतार में खड़ा होना पड़ा।
- शुरुआत में एक एयरलाइन के सर्वर (PSS) फेल हो गया था, जिसकी वजह से 137 से ज्यादा फ्लाइट्स प्रभावित हुई थीं।
3. जून 2024 सिस्टम में खराबी
एक पावर कट के कारण एयरपोर्ट के कुछ सिस्टम प्रभावित हुए थे, बैगेज स्वीकार करने और ई-गेट्स की सेवा प्रभावित हुई थी।








