New Delhi: इंडिगो की बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द होने के बाद देश के कई शहरों में हालत अचानक बदल गए। एयरपोर्ट्स पर लंबी कतारें, बढ़े हुए किराए और यात्रियों की बेचैनी पिछले कुछ दिनों में यह नजारा लगातार देखने को मिला। ऐसे समय में एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अपने फैसलों से संकेत दिया है कि यह दौर सिर्फ प्रतिस्पर्धा का नहीं, बल्कि यात्रियों की जरूरत समझने का भी है।
किराए पर नियंत्रण का फैसला
हवाई टिकटों की अचानक बढ़ी कीमतों ने यात्रियों के बजट पर सीधा असर डाला। इसी बीच एयर इंडिया ने घरेलू नॉन-स्टॉप उड़ानों की इकोनॉमी क्लास पर किराए की सीमा तय करने का निर्णय लिया। यह फैसला इसलिए अहम माना जा रहा है क्योंकि ऑटोमैटिक प्राइसिंग सिस्टम अक्सर मांग बढ़ने पर टिकटों को महंगा बना देता है। एयरलाइन ने यह कदम नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा जारी हालिया दिशानिर्देशों के अनुरूप उठाया है।
टिकट रद्द और रीशेड्यूलिंग पर राहत
इस मामले का दूसरा बड़ा पहलू उन यात्रियों से जुड़ा है जिनकी उड़ानें प्रभावित हुईं। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने घोषणा की है कि 4 दिसंबर तक जिन यात्रियों ने किसी भी एयरलाइन से 15 दिसंबर तक की यात्रा के लिए टिकट खरीदे थे, उन्हें बिना किसी शुल्क के अपनी यात्रा की तारीख बदलने की सुविधा दी जाएगी।
यात्री चाहें तो बिना रद्दीकरण शुल्क चुकाए टिकट कैंसिल कर पूरा रिफंड प्राप्त कर सकते हैं। हालांकि यह सुविधा सीमित है और केवल 8 दिसंबर तक किए गए बदलावों पर लागू होगी। नियमानुसार, यदि नया किराया पहले से अधिक है तो केवल किराए का अंतर देना होगा।
यात्रियों की सहायता के लिए अतिरिक्त व्यवस्था
यात्रियों के लिए हेल्पलाइन और शिकायत केंद्रों पर अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया गया है। एयर इंडिया ने बताया कि बढ़ते कॉल वॉल्यूम और शिकायतों को संभालने के लिए तकनीकी टीम और सपोर्ट सेंटर को मजबूत किया गया है। यात्री बुकिंग बदलाव कॉल सेंटर, आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप या ट्रैवल एजेंटों के जरिए कर सकेंगे।
अतिरिक्त उड़ानें और उपलब्ध सीटें
स्थिति सामान्य होने तक एयर इंडिया ने प्रमुख रूट्स पर अतिरिक्त उड़ानें जोड़ने और मौजूदा उड़ानों में सीटों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया है। एयरलाइन का दावा है कि इससे यात्रियों को वैकल्पिक उड़ान मिलने में आसानी होगी और नेटवर्क पर दबाव कम होगा।
विशेष श्रेणियों के यात्रियों के लिए छूट जारी
छात्र, वरिष्ठ नागरिक, सेना कर्मी और सरकारी योजनाओं वाले यात्रियों के लिए पहले से मौजूद छूट फिलहाल जारी रहेगी। एयरलाइन का कहना है कि मौजूदा परिस्थिति में यह छोटी राहत कई लोगों के लिए बड़ी मदद बन सकती है।








