New Delhi: भारतीय महिला हॉकी टीम से जुड़ी एक बड़ी खबर ने पूरे खेल जगत को चौंका दिया है। टीम के मुख्य कोच हरेंद्र सिंह (Harendra Singh) ने मंगलवार देर शाम अपने पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफ़ा दे दिया। हॉकी इंडिया ने आधिकारिक बयान जारी कर इस कदम की पुष्टि की और बताया कि हरेंद्र ने ‘निजी कारणों’ से पद छोड़ने का निर्णय लिया है। उनका यह फैसला जितना अचानक आया है, उतने ही सवाल पीछे छोड़ गया है।
यह पूरी तरह निजी फैसला
हरेंद्र सिंह ने हॉकी इंडिया को भेजे गए ईमेल में लिखा कि भारतीय महिला टीम का कोच बनना उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक रहा है। उन्होंने कहा कि निजी कारणों से वह इस पद से हट रहे हैं, लेकिन भारतीय हॉकी के विकास में उनका सहयोग आगे भी जारी रहेगा। टीम के साथ बिताया समय उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा। हालांकि, इस ‘निजी कारण’ वाले बयान ने विशेषज्ञों में कई तरह की चर्चाओं को जन्म दिया है।
सूत्रों ने खोला अंदरुनी हाल
हॉकी इंडिया से जुड़े सूत्रों का दावा है कि इस्तीफे के पीछे की वजह टीम का लगातार गिरता प्रदर्शन है, न कि केवल निजी निर्णय। सूत्रों के अनुसार, इस फैसले के पीछे कई कारण हो सकते हैं। पिछले डेढ़ साल में टीम का प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा। फिटनेस की समस्या बढ़ी और कई खिलाड़ी चोटिल हो गईं। लगातार हार के चलते टीम का माहौल तनावपूर्ण हो गया। उपलब्ध सभी सुविधाओं के बावजूद अपेक्षित नतीजे नहीं मिले।
एक सूत्र के मुताबिक, “परफॉर्मेंस ही इस्तीफ़े की सबसे बड़ी वजह है। टीम को हर संभव तैयारी दी गई, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी।”
FIH प्रो लीग में निराशाजनक प्रदर्शन
- हरेंद्र सिंह के कार्यकाल में महिला टीम का ग्राफ नीचे जाता रहा।
- 16 मैचों में भारत ने केवल 2 जीत दर्ज की।
- 11 मुकाबले हार में समाप्त हुए।
- भारत 10 अंकों के साथ तालिका में सबसे नीचे रहा।
- टीम अगले सत्र के लिए क्वालीफाई भी नहीं कर सकी।
भले ही राजगीर में एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी जीती गई, लेकिन वहां कई टीमें कमजोर स्क्वॉड के साथ उतरी थीं। इसीलिए उस खिताब को टीम के पुनरुत्थान का संकेत नहीं माना गया। एशिया कप में फाइनल हारने के बाद भारत विश्व कप के लिए सीधे क्वालीफाई भी नहीं कर पाया और अब क्वालीफायर्स का कठिन रास्ता तय करना होगा।
Tech News: Nothing का सबसे सस्ता स्मार्टफोन लॉन्च, जानें फिचर और कीमत के बारे में
शोर्ड मारिन की संभावित वापसी
इस्तीफ़े के बाद सबसे अहम सवाल है कि अब टीम की बागडोर किसके हाथ में जाएगी? सूत्रों के अनुसार, पूर्व कोच शोर्ड मारिन की वापसी लगभग तय मानी जा रही है। उनके नेतृत्व में ही भारत ने टोक्यो ओलंपिक 2020 में ऐतिहासिक चौथा स्थान हासिल किया था। मारिन ने 2021 में पद छोड़ा था, लेकिन मौजूदा प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें फिर से लाया जा सकता है। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की ने कहा कि हम हरेंद्र सिंह की सेवाओं के लिए उनका धन्यवाद करते हैं। हम जल्द ही नए कोच की घोषणा करेंगे।














