Gurugram: हरियाणा के गुरुग्राम में शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ा कदम उठाते हुए रियल एस्टेट कंपनी Vatika Group की लगभग 108 करोड़ रुपये मूल्य की कमर्शियल जमीन अटैच कर दी। यह जमीन करीब 1.35 एकड़ में फैली है और इसे प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत अस्थायी रूप से सील किया गया है।
यह कार्रवाई उस व्यापक जांच का हिस्सा है, जिसमें Vatika Limited और उसके शीर्ष प्रमोटर्स पर निवेशकों से झूठे वादे करने और करोड़ों रुपये जुटाने का आरोप है।
2021 चल रही थी जांच
ED की जांच 2021 में दिल्ली पुलिस की इकोनॉमिक ऑफेंस विंग (EOW) में दर्ज FIR के बाद शुरू हुई। शिकायतों में कंपनी और प्रमुख अधिकारियों—अनील भल्ला, गौतम भल्ला समेत कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए गए थे। आरोपों में शामिल थे:
- बड़े रिटर्न का लालच देकर निवेश आकर्षित करना
- प्रोजेक्ट तय समय पर पूरा न करना
- भुगतान रोक देना
- खरीदारों को यूनिट न देना
ED की जांच में सामने आया कि Vatika Group ने “Assured Return” का वादा कर निवेशकों से करोड़ों रुपये जुटाए, लेकिन न तो रिटर्न दिया और न ही यूनिट्स समय पर उपलब्ध कराईं।
जांच में हुआ ये खुलासा
जांच में पता चला कि सिर्फ चार प्रोजेक्ट में ही 659 निवेशकों ने कुल 248 करोड़ रुपये लगाए थे। ये प्रोजेक्ट हैं:
- Vatika Inxt City Centre (टावर D, E, F), Gurugram
- Vatika Mindscapes Tower-C, Faridabad
- Vatika Towers Tower-C, Gurugram
- Vatika High Street (V’Lante), Gurugram
इनमें से कोई भी प्रोजेक्ट समय पर पूरा नहीं हुआ और कई खरीदारों को रजिस्ट्री तक नहीं मिली।
प्रोजेक्ट डेडलाइन की बार-बार अनदेखी
ED ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि Vatika Group ने आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया।
सबसे बड़ी अनियमितताएं थीं:
- DTCP लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं कराने
- निर्माण टाइमलाइन का उल्लंघन
एजेंसी ने इसे “बड़ी वित्तीय साजिश” करार दिया है, जिसमें निवेशकों को भारी नुकसान हुआ।
पहले भी जब्त हुई थी संपत्ति
ED इससे पहले भी 68.59 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त कर चुकी है। Adjudicating Authority ने उस अटैचमेंट को भी मंजूरी दे दी थी। नई कार्रवाई के बाद कुल अटैच की गई संपत्ति का मूल्य 176 करोड़ रुपये हो गया है।
PMLA कोर्ट में चार्जशीट दायर
ED ने Vatika Limited, उसके प्रमोटर्स और समूह से जुड़ी कंपनियों के खिलाफ PMLA कोर्ट, गुरुग्राम में चार्जशीट दाखिल कर दी है। जांच अभी जारी है और एजेंसी ने संकेत दिया है कि आगे और संपत्तियां अटैच हो सकती हैं या गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।








