Delhi Blast News: राजधानी दिल्ली गुरुवार सुबह फिर से एक तेज धमाके जैसी आवाज से दहल उठी। सुबह करीब 9 बजकर 18 मिनट पर महिपालपुर स्थित रैडिसन होटल के पास यह आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर डिपार्टमेंट को सूचना दी। मौके पर तीन दमकल गाड़ियों के साथ पुलिस और बम स्क्वॉड की टीम पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू की।
जांच में सामने आई असली वजह
प्रारंभिक जांच के बाद दिल्ली पुलिस ने साफ किया कि यह कोई धमाका नहीं था बल्कि DTC बस का टायर फटने की आवाज थी। पुलिस ने बताया कि बस धौला कुआं की ओर जा रही थी, तभी उसका पिछला टायर अचानक फट गया। आवाज इतनी तेज थी कि लोगों ने इसे विस्फोट समझ लिया। मौके से कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई और फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है।
मौके पर अलर्ट मोड में पुलिस और दमकल विभाग
धमाके जैसी आवाज की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और बम स्क्वॉड की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। डीसीपी साउथ वेस्ट ने बताया कि सूचना देने वाला व्यक्ति गुरुग्राम जा रहा था और उसने रेडिसन होटल के पास तेज आवाज सुनी थी। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि यह टायर फटने का मामला था। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की जान-माल की हानि या घायल होने की खबर नहीं है।
लाल किला धमाके के बाद बढ़ी सतर्कता
दिल्ली इन दिनों हाई अलर्ट पर है क्योंकि 10 नवंबर को लाल किले के पास हुए धमाके में 12 लोगों की मौत हो गई थी और कई घायल हुए थे। उस घटना के बाद से दिल्ली पुलिस ने सभी संवेदनशील इलाकों एयरपोर्ट, होटल, मॉल और मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा जांच बढ़ा दी है। इसी वजह से गुरुवार की घटना पर पुलिस ने तुरंत प्रतिक्रिया दी और किसी भी संभावित खतरे को टाल दिया।
Delhi Blast Case: धमाके के पीछे था डॉक्टर उमर! सफेद कोट की आड़ में रची थी दिल्ली को दहलाने की साजिश
फरीदाबाद मॉड्यूल से जुड़ा बड़ा नेटवर्क
लाल किला धमाका केस की जांच में हाल ही में फरीदाबाद के अल-फलाह यूनिवर्सिटी का नाम सामने आया था। यहां से जुड़े कुछ डॉक्टरों को NIA ने गिरफ्तार किया था और उनके पास से करीब 2900 किलो विस्फोटक और कई हथियार बरामद हुए थे। इस वजह से सुरक्षा एजेंसियां दिल्ली-एनसीआर के हर संवेदनशील इलाके में अलर्ट पर हैं।
Delhi Blast: लाल किला धमाका केस में बड़ा एक्शन, NIA ने फरीदाबाद के अल-फलाह मेडिकल कॉलेज पर मारा छापा
लोगों से दिल्ली पुलिस की अपील
दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह या गलत जानकारी पर विश्वास न करें। यदि कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि या वस्तु दिखे तो तुरंत 112 नंबर पर सूचना दें। पुलिस ने कहा कि महिपालपुर क्षेत्र में हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं और ट्रैफिक सामान्य रूप से चल रहा है।









1 thought on “Delhi Blast Update: दिल्ली में दोबारा धमाका, महिपालपुर में रेडिशन होटल के पास धमाके की आवाज, इलाके में मचा हड़कंप”